पहले आपत्तियां, फिर अनुमति और अब आधी रात तक गुलजार मीना बाजार; आम दुकानदारों के लिए रात 10 बजे का नियम तो मीना बाजार के लिए कौन सा कानून?
डमरूआ न्यूज़ /रायगढ़। रायगढ़ शहर में लगे मीना बाजार का संचालन अब मनोरंजन से ज्यादा प्रशासनिक व्यवस्था और नियम-कायदों को लेकर चर्चा का विषय बन गया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस मीना बाजार को लेकर स्थानीय नगर निगम प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से अनेक आपत्तियां सामने आने की बात कही गई थी और इन्हीं आपत्तियों के आधार पर संचालन की अनुमति देने से इनकार किए जाने की स्थिति बनी थी, आखिर उन्हीं आपत्तियों का समुचित निराकरण कब और किस स्तर पर हुआ कि देखते ही देखते शहर में मीना बाजार संचालन के रास्ते खुल गए। शहरवासियों के बीच अब यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि क्या किसी विशेष राजनीतिक अथवा प्रभावशाली पहुंच के कारण प्रशासनिक आपत्तियां अचानक कमजोर पड़ गईं या फिर नियम-कायदों के बीच ऐसा रास्ता निकाल लिया गया, जिसकी जानकारी आम नागरिकों को आज तक नहीं है।मीना बाजार की अनुमति को लेकर पहले विवाद और बाद में संचालन की अनुमति ने जिला प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि वास्तव में पहले सुरक्षा, स्थल, यातायात, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण अथवा अन्य प्रशासनिक कारणों से आपत्तियां थीं तो जनता यह जानना चाहती है कि उन सभी आपत्तियों का लिखित निराकरण किस रिपोर्ट के आधार पर किया गया। क्या संबंधित विभागों से दोबारा अनापत्ति प्रमाणपत्र लिए गए? क्या स्थल का संयुक्त निरीक्षण हुआ? क्या सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की पुनः समीक्षा की गई? और यदि यह सब हुआ तो उसके दस्तावेज सार्वजनिक क्यों नहीं किए जा रहे हैं? नियमों के पालन का दावा करने वाले प्रशासन के लिए इन सवालों का जवाब देना इसलिए भी जरूरी है क्योंकि मामला किसी निजी आयोजन का नहीं बल्कि हजारों लोगों की आवाजाही वाले सार्वजनिक मनोरंजन स्थल का है।

रात 10 बजे दुकानदारों पर डंडा, रात 12 बजे मीना बाजार पर मौन!
रायगढ़ शहर में सामान्य दुकानों, होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालन को लेकर समय-सीमा का पालन कराने की प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई किसी से छिपी नहीं है। रात 10 बजे के बाद दुकान खुली मिलने पर पुलिस और प्रशासन की सख्ती आम नागरिकों ने कई बार देखी है। लेकिन इसी शहर में यदि मीना बाजार रात 12 बजे तक संचालित होने की बात सामने आ रही है तो यह सवाल स्वाभाविक है कि आखिर मीना बाजार के लिए कौन सा विशेष नियम लागू है। यदि उसे निर्धारित समय के बाद संचालन की विशेष अनुमति मिली है तो वह अनुमति किस अधिकारी ने दी और उसकी शर्तें क्या हैं? यदि ऐसी अनुमति नहीं है तो फिर आधी रात तक संचालन किसके संरक्षण में हो रहा है? आम दुकानदार के लिए रात 10 बजे का नियम और मीना बाजार के लिए अलग समय—क्या रायगढ़ में नियमों की दो अलग-अलग किताबें चल रही हैं? इस पूरे मामले में रायगढ़ एसडीएम का यह कथित बयान कि मीना बाजार किस समय तक संचालित होगा, यह उनके आदेश में दर्ज है, चर्चा को और गहरा कर देता है। सवाल यह है कि जब आदेश में समय स्पष्ट रूप से दर्ज है तो उसकी प्रति सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही? यदि आदेश वैधानिक है तो उसे सामने रखने में प्रशासन को कोई संकोच नहीं होना चाहिए। आदेश की प्रति सामने आ जाए तो रात में संचालन की वैधानिकता को लेकर उठ रहे तमाम सवालों का जवाब अपने आप मिल जाएगा। लेकिन आदेश की प्रति उपलब्ध न होना और केवल मौखिक रूप से आदेश में समय दर्ज होने की बात कहना शहरवासियों के संदेह को और बढ़ा रहा है।
तमन्ना की राजनीतिक तस्वीरें और प्रशासनिक फैसलों पर उठते सवाल
मीना बाजार संचालक तमन्ना हुसैन को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों ने भी इस विवाद को अलग रंग दे दिया है। इन तस्वीरों में उन्हें सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई प्रमुख राजनीतिक चेहरों के साथ विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों और व्यक्तिगत मुलाकातों में देखा गया। केवल किसी राजनीतिक व्यक्ति के साथ तस्वीर होना अपने आप में किसी प्रकार के राजनीतिक संरक्षण अथवा प्रशासनिक हस्तक्षेप का प्रमाण नहीं है, लेकिन जब किसी आयोजन की अनुमति पहले विवादों में हो, प्रशासनिक आपत्तियों की चर्चा हो और उसके बाद उसी आयोजन को अनुमति मिल जाए तो राजनीतिक संपर्कों को लेकर उठ रहे सवालों को प्रशासन को स्वयं स्पष्ट करना चाहिए। जनता यह जानना चाहती है कि क्या अनुमति प्रक्रिया पूरी तरह नियमों और दस्तावेजों के आधार पर हुई या किसी राजनीतिक प्रभाव ने इसमें भूमिका निभाई। यदि सब कुछ नियमानुसार हुआ है तो प्रशासन को संबंधित आदेश और प्रक्रिया सार्वजनिक कर इस चर्चा पर विराम लगाने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। स्थिति यह है कि अनुमति को लेकर विवाद के बाद भी मीना बाजार का संचालन शुरू हो गया और अब देर रात तक इसके संचालन की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में शहर में यह पुरानी कहावत फिर चरितार्थ होती दिखाई दे रही है कि आम आदमी के लिए नियमों की दीवार ऊंची और प्रभावशाली लोगों के लिए उसी दीवार में दरवाजा खुला रहता है। सवाल यह नहीं कि मीना बाजार लगना चाहिए अथवा नहीं, सवाल यह है कि यदि अनुमति दी गई है तो क्या वही प्रक्रिया और वही मानक हर दूसरे व्यापारी तथा आयोजन पर भी लागू होंगे?
मीना बाजार में मुलाकात के बाद विवाहिता के लापता होने का मामला, सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल
मीना बाजार से जुड़ा एक आपराधिक मामला सामने आने के बाद आयोजन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार 5 सितंबर 2026 को एक महिला ने अपनी 24 वर्षीय शादीशुदा पुत्री के लापता होने की शिकायत चक्रधर नगर थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि युवती देर रात मीना बाजार गई थी और वहां से वापस नहीं लौटी। पुलिस की विवेचना में युवती के मीना बाजार जाने और वहां अजरुद्दीन अली उर्फ अज्जू से मुलाकात होने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार इसके बाद युवती को कथित रूप से रायपुर ले जाया गया, जहां होटल में रखने और बाद में रायगढ़ के अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित मकान में बंधक बनाए रखने का आरोप सामने आया। पुलिस के अनुसार युवती का फोटो लेकर उसे बदनाम करने की धमकी देने तथा 50 हजार रुपये की मांग करने का आरोप भी लगाया गया और मामले में आरोपी अजरुद्दीन अली को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। हालांकि इन आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायालय में होना शेष है और आरोपी को दोषसिद्धि तक निर्दोष माना जाना कानूनी सिद्धांत है। एक आपराधिक घटना को पूरे मीना बाजार अथवा उसके संचालक से जोड़कर देखना उचित नहीं होगा, लेकिन इस घटना ने इतना सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि इतने बड़े सार्वजनिक मनोरंजन स्थल पर महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने क्या ठोस व्यवस्था की है। क्या प्रत्येक प्रवेश और निकास पर निगरानी है? क्या पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं? क्या रात के समय महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती है? क्या नाबालिगों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोई विशेष प्रोटोकॉल है? और सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह कि यदि किसी आयोजन स्थल से संबंधित गंभीर आपराधिक घटना सामने आती है तो क्या प्रशासन उसकी अनुमति की शर्तों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करता है?
अब धर्मांतरण की चर्चा भी, प्रशासन जांच से क्यों भागे?
उक्त घटना के बाद शहर में सोशल मीडिया और विभिन्न स्तरों पर यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि क्या मीना बाजार की आड़ में किसी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि संचालित हो रही है और कुछ लोगों द्वारा धर्मांतरण जैसे गंभीर आरोप भी लगाए जा रहे हैं। इन आरोपों को फिलहाल प्रमाणित तथ्य के रूप में प्रस्तुत नहीं किया जा सकता। किसी आरोपी की धार्मिक पहचान अथवा किसी एक आपराधिक घटना के आधार पर पूरे आयोजन को धर्मांतरण का केंद्र घोषित करना भी उचित नहीं होगा। लेकिन यदि शहर में इस प्रकार की शिकायतें सामने आ रही हैं तो प्रशासन के लिए सबसे बेहतर रास्ता निष्पक्ष जांच है। यदि आरोप निराधार हैं तो जांच के बाद स्थिति साफ हो जाएगी और यदि कोई गैरकानूनी गतिविधि प्रमाणित होती है तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है। सवाल यह है कि प्रशासन इन चर्चाओं को समाप्त करने के लिए पारदर्शी जांच और तथ्य सार्वजनिक करने की पहल करेगा या फिर हमेशा की तरह इन सवालों को भी टालमटोल के हवाले कर दिया जाएगा।
मुद्दा मीना बाजार का नहीं, कानून की बराबरी का है
रायगढ़ के नागरिकों को मनोरंजन और मेले से कोई आपत्ति नहीं है। शहर में आयोजन हों, व्यापार हो और लोगों को मनोरंजन मिले, यह सामान्य सामाजिक आवश्यकता है। लेकिन मनोरंजन के नाम पर नियमों की अनदेखी का अधिकार किसी को नहीं दिया जा सकता। यदि मीना बाजार के संचालन के लिए विशेष अनुमति है तो प्रशासन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि किस कानून और किस आदेश के तहत अनुमति दी गई, संचालन की समय-सीमा क्या है, सुरक्षा की क्या शर्तें हैं और जिन विभागों ने पहले आपत्तियां उठाई थीं उनकी आपत्तियों का निराकरण किस आधार पर किया गया। यदि रात 12 बजे तक संचालन की अनुमति है तो आदेश सार्वजनिक किया जाना चाहिए और यदि अनुमति नहीं है तो प्रशासन को यह बताना चाहिए कि देर रात तक बाजार किस अधिकार से संचालित हो रहा है। रायगढ़ की जनता अब केवल आश्वासन नहीं, दस्तावेज देखना चाहती है। क्योंकि सवाल झूले, रोशनी और मनोरंजन का नहीं रह गया है। सवाल यह है कि क्या प्रशासनिक नियम सभी के लिए समान हैं या फिर कुछ आयोजनों के लिए नियमों की किताब के पन्ने अलग तरीके से पलटे जाते हैं। आम दुकानदार के लिए रात 10 बजे का कानून यदि इतना कठोर है कि पुलिस का डंडा चलने लगता है, तो उसी शहर में आधी रात तक चलने वाले मीना बाजार के लिए नियमों की अलग व्यवस्था क्यों है। प्रशासन यदि पूरी तरह नियमसम्मत है तो आदेश की प्रति सामने रखे और यदि कहीं नियमों का उल्लंघन हुआ है तो कार्रवाई करे। वरना शहर में यह सवाल और मजबूत होता जाएगा कि रायगढ़ में कानून की घड़ी आम आदमी के लिए रात 10 बजे रुक जाती है, लेकिन मीना बाजार के लिए आधी रात तक चलती रहती है।
मीना बाजार के पास लौटाने लगे सत्ता पक्ष के पार्षद, नियम विरुद्ध अनुमति पर जताई नाराजगी
मीना बाजार के संचालन को लेकर अब नगर निगम के भीतर भी असंतोष के स्वर सामने आने लगे हैं। जानकारी के अनुसार नगर निगम के कई सत्ता पक्ष के पार्षदों ने मीना बाजार के पास वापस कर दिए हैं। इन पार्षदों ने ये पास महापौर को लौटा दिए हैं। बताया जा रहा है कि मीना बाजार के संचालन के लिए दी गई अनुमति की प्रक्रिया को लेकर सत्ता पक्ष के इन पार्षदों में नाराजगी है। नाराज पार्षदों का कहना है कि शहर में किसी भी आयोजन या व्यावसायिक गतिविधि का संचालन निर्धारित नियम-कायदे और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के अनुरूप होना चाहिए। उनका दावा है कि मीना बाजार को संचालन की अनुमति देने के पूरे मामले में नियमों के पालन को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में वे स्वयं इस आयोजन से जुड़े पास का उपयोग करना उचित नहीं मानते।इधर, मीना बाजार के पास को लेकर शहर के कुछ पत्रकारों का रुख भी चर्चा में है। जानकारी के अनुसार कुछ पत्रकारों ने मीना बाजार के संचालन के लिए लाइजनिंग कर रहे ठेकेदारों से पास लेने से इनकार कर दिया है। इन पत्रकारों का दावा है कि जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन द्वारा अपने ही निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं की अनदेखी की गई है। उनका आरोप है कि राजनीतिक और मौद्रिक दबाव के चलते नियमों के विपरीत मीना बाजार के संचालन की अनुमति दी गई, जो प्रशासनिक व्यवस्था और नियमों की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करती है। हालांकि इन आरोपों और दावों के संबंध में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है। मीना बाजार को मिली अनुमति की प्रक्रिया, लागू नियमों तथा संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक दस्तावेजों से ही स्पष्ट हो सकेगी।








