अशोक पब्लिक स्कूल का मामला, अभिभावक में आक्रोश
सारंगढ़ डमरुआ। अर्धवार्षिक परीक्षा सिर पर है, लेकिन शहर के अशोक पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले कई बच्चों को अब तक परीक्षा का एडमिट कार्ड नहीं मिल पाया है। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन फीस की दूसरी किस्त या अन्य बकाया होने का हवाला देकर एडमिट कार्ड देने से बच रहा है।

अभिभावक के अनुसार, जब उन्होंने स्कूल पहुँचकर एडमिट कार्ड की माँग की, तो सीधे तौर पर इनकार नहीं किया गया, लेकिन बार-बार दूसरी किस्त जमा करने की शर्त दोहराई गई। अभिभावक ने बताया कि उन्होंने आंशिक फीस तुरंत जमा करने और शेष राशि फाइनल परीक्षा से पहले चुकाने का प्रस्ताव भी रखा, लेकिन स्कूल स्टाफ पूरी फीस जमा करने की ज़िद पर अड़ी रही। इस दौरान अभिभावक स्वयं को अपमानित महसूस करते हुए स्कूल परिसर से लौट गए। बाद में उन्होंने दूरभाष के माध्यम से प्रिंसिपल से संपर्क करने की कोशिश की, परंतु कोई जवाब नहीं मिला।
अभिभावक का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम का सबसे गहरा असर बच्चों के मन पर पड़ रहा है। जब कक्षा में बाकी सभी विद्यार्थियों के हाथ में एडमिट कार्ड होता है और किसी एक बच्चे के पास नहीं, तो वह खुद को असहाय और अलग-थलग महसूस करता है। कई बच्चे घर आकर अपने माता-पिता से यह कहते पाए गए कि “मेरे सभी साथियों के पास एडमिट कार्ड आ गया, मेरे पास नहीं है।” परीक्षा से ठीक पहले की यह मानसिक पीड़ा बच्चों के आत्मविश्वास और तैयारी दोनों को प्रभावित कर सकती है।
सवाल यह उठता है कि क्या फीस बकाया होने पर एडमिट कार्ड रोकना नियमानुसार उचित है? जवाब है नहीं। एडमिट कार्ड संबंधित बोर्ड द्वारा जारी किया जाता है और स्कूल केवल इसे विद्यार्थियों तक पहुँचाने का माध्यम होता है। फीस बकाया के आधार पर एडमिट कार्ड रोकना किसी प्रावधान में शामिल नहीं है। फीस वसूली के लिए स्कूल के पास अभिभावक के साथ बातचीत करने का विकल्प मौजूद हैं, लेकिन बच्चे की परीक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को इसका माध्यम बनाना नियम विरुद्ध माना जाता है।
ऐसे में सवाल यह भी है कि बच्चों को हो रही इस मानसिक पीड़ा का ज़िम्मेदार कौन है वह बच्चा, जिसकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं, या स्कूल प्रबंधन, जो एक किस्त के लिए बच्चे की गरिमा को दांव पर लगा देता है?
डमरुआ न्यूज ने इस संबंध में अशोक पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया, लेकिन अब तक कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है। जवाब मिलते ही खबर को अपडेट किया जाएगा।






