सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने में जुटा आबकारी विभाग एक बार फिर सक्रियता के साथ सामने आया है। आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा के सख्त निर्देश और कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कुशल मार्गदर्शन में जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने शनिवार को भकुर्रा-अमलीडीपा मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर अवैध मदिरा तस्करी के एक बड़े प्रयास को नाकाम कर दिया।

टीम की सतर्कता और मुस्तैदी का ही नतीजा है कि संदिग्ध वाहनों की गवाहों की मौजूदगी में बारीकी से जाँच के दौरान ग्राम भीमसेनडीह निवासी आरोपी ललित जायसवाल (पिता सहदेव जायसवाल) रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी के दोपहिया वाहन बजाज प्लेटिना (क्रमांक CG 13 AS 2154) की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर ले जाई जा रही 30 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। मौके पर ही आरोपी का वाहन जब्त कर लिया गया।
आबकारी विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के धंधे में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई का श्रेय सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा और आबकारी उपनिरीक्षक रामेश्वर सिंह राठिया की सूझबूझ और उनकी टीम की मेहनत को जाता है, जिन्होंने हमराह स्टाफ के साथ मिलकर इस अभियान को अंजाम दिया। जिलेवासियों ने आबकारी विभाग की इस मुस्तैदी की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि इस तरह की कार्रवाइयाँ लगातार जारी रहेंगी, ताकि क्षेत्र को अवैध शराब के दुष्प्रभाव से मुक्त रखा जा सके।






