सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में इन दिनों गर्मी ने अचानक तेजी पकड़ ली है। तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है और दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान करने लगी है। अप्रैल के मध्य में ही जिस तरह से गर्मी बढ़ रही है, उसने आम जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है।
इसी बीच पालकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से जिला प्रशासन से मांग उठानी शुरू कर दी है कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया जाए। उनका कहना है कि तापमान लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में बच्चों को राहत देना जरूरी हो गया है।

जिले में शासकीय और गैर-शासकीय दोनों तरह के स्कूल नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं, लेकिन मौजूदा मौसम को देखते हुए अब अभिभावकों की चिंता भी बढ़ने लगी है। सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट के जरिए प्रशासन से अपील की जा रही है कि समय रहते निर्णय लिया जाए।
पालकों का साफ कहना है कि तापमान में तेजी से हो रहे इजाफे को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और बच्चों के हित में जल्द से जल्द स्कूलों में छुट्टी घोषित करने का फैसला लिया जाना चाहिए।
अब पूरे जिले की नजर जिला प्रशासन के निर्णय पर टिकी हुई है कि वह इस बढ़ती गर्मी और पालकों की मांग पर कब तक संज्ञान लेता है।



























