Damrua

महुआ शराब पर आबकारी का शिकंजा, बीस लीटर अवैध शराब के साथ आरोपी जेल भेजा गया

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

 

आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा के निर्देश, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त सारंगढ़ की टीम ने ग्राम छातादेई में दबिश देकर यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी रोहित कुमार सारथी पिता भोगीलाल सारथी के मकान की तलाशी ली गई, जहां से महुआ शराब का जखीरा बरामद हुआ।

 

जांच के दौरान पीले रंग के 15 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक डिब्बे में 15 लीटर तथा 5 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जेरीकेन में 5 लीटर तरल पदार्थ मिला। मौके पर परीक्षण करने पर यह कच्ची महुआ शराब पाई गई। आबकारी टीम ने कुल 20 लीटर अवैध शराब को विधिवत जब्त कर सीलबंद कर लिया।

 

आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।

 

इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा, आबकारी उपनिरीक्षक लोकनाथ साहू, रामेश्वर सिंह राठिया तथा विभागीय अमला शामिल रहा।

Facebook
WhatsApp
Twitter
Telegram
[metaslider id="1064"]