Damrua

CG:नशे के सौदागरों का जेल जाना तय था,ऐसी पहुंचे हवालत में ..

रायपुर। राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ रायपुर पुलिस ने अपनी मुस्तैदी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में मौदहापारा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली टेबलेट्स के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नशीली दवाओं के अलावा नकद राशि भी बरामद की है।

घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि समवेत शिखर कॉम्प्लेक्स के पास एक युवक नशीली दवाओं की बिक्री करने की फिराक में खड़ा है। डीसीपी सेंट्रल जोन के मार्गदर्शन में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई और मौके पर दबिश दी गई। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने योगेश बेहरा (20 वर्ष) नामक युवक को हिरासत में लिया।

img 20260515 wa00134331257287241461167

तलाशी में मिलीं ‘नाईट्रोसन-10’ की गोलियां
आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से नाईट्रोजेपम (नाईट्रोसन-10)की 9 स्ट्रिप बरामद हुईं, जिनमें कुल 90 नग नशीली टेबलेट्स थीं। पुलिस के अनुसार बरामद दवाओं का वजन लगभग 50.4 ग्राम है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी के पास से दवाओं की बिक्री से अर्जित किए गए 4,300 रुपये नकद भी जप्त किए हैं।

दूसरा साथी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
मुख्य आरोपी योगेश से कड़ी पूछताछ के बाद इस अवैध कारोबार में संलिप्त उसके दूसरे साथी विकास उर्फ विक्की साहू (28 वर्ष) का नाम भी सामने आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विकास को भी गिरफ्तार कर लिया है। वह रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कोटा इलाके का निवासी बताया जा रहा है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मौदहापारा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन आरोपियों के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और वे ये नशीली दवाएं कहां से लाते थे।

पुलिस की अपील: नशे के खिलाफ साथ आएं
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ उनका अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास नशे के कारोबार या मादक पदार्थों की सूचना मिलती है, तो वे तत्काल राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 पर जानकारी साझा करें या नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।

Facebook
WhatsApp
Twitter
Telegram
[metaslider id="1064"]