Damrua

BJP ने आज 12 घंटे के बंगाल बंद का किया आह्वान, जानें क्या रहेगा खुला और क्या रहेगा बंद

कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल छात्र समाज द्वारा आयोजित ‘नबन्ना अभियान’ या सचिवालय तक मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस ज्यादतियों और लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को 12 घंटे का पश्चिम बंगाल बंद आहूत किया है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने यह जानकारी दी।

स्कूल, कॉलेज, सरकारी कार्यालय और बैंक खुले रहने की संभावना है। बंद के कारण यातायात प्रभावित होने से इनमें व्यवधान आ सकता है। चिकित्सा सेवा, पेयजल, सार्वजनिक परिवहन, रेल सेवाएं और बिजली जैसी आवश्यक सेवाएं भी सामान्य रूप से काम करने की संभावना है।

 

मजूमदार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शहर और हावड़ा जिले में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों पर लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारें की। उन्होंने कहा कि कोलकाता के एक अस्पताल में हत्या एवं दुष्कर्म की शिकार प्रशिक्षु डॉक्टर के लिए न्याय की मांग करते हुए कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए।

 

उन्होंने समाज के सभी वर्गों के लोगों से कल सुबह से शाम तक बंद में शामिल होने का भी आह्वान किया। श्री मजूमदार ने यह भी कहा कि भाजपा ने गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों की सहायता के साथ-साथ आज लाठीचार्ज में घायल हुए लोगों को चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए अपनी हेल्पलाइन फिर से खोल दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा अनुमति देने से इनकार करने के बाद पार्टी अपने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के संबंध में बुधवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख करेगी।

 

सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने भाजपा के बंद के आह्वान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बंगाल में कोई बंद नहीं होगा क्योंकि वे बंद संस्कृति में विश्वास नहीं करते हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सहित विपक्षी दलों द्वारा पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ साजिश रची गई है। घोष ने आज नबन्ना अभियान के दौरान प्रदर्शनकारियों के उकसावे के बावजूद खुद को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बलों को धन्यवाद दिया।

0 thoughts on “BJP ने आज 12 घंटे के बंगाल बंद का किया आह्वान, जानें क्या रहेगा खुला और क्या रहेगा बंद”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top