कोटमी-देवरी मुख्य मार्ग पर मौत को दावत दे रहा पेंड्रा-गेवरा रेलवे ब्रिज, 10 मीटर के ब्रिज में बचा सिर्फ 3 मीटर रास्ता

कोटमी पेंड्रा रोड-गेवरा रेलवे दोहरीकरण प्रोजेक्ट में नाम सेनवर्ष रेलटेक लिमिटेड कंपनी ठेकेदार की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कोटमी-देवरी मुख्य मार्ग पर बन रहा 10 मीटर का ब्रिज अब हादसे का सबब बन गया है। ठेकेदार द्वारा 7 मीटर तक मिट्टी काट देने से आवागमन के लिए महज 3 मीटर का सकरा रास्ता बचा है, उस पर भी न बैरिकेड है न कोई सुरक्षा व्यवस्था।



मौके की तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि ब्रिज के दोनों तरफ गहरी कटाई से मिट्टी धंस रही है, बड़े-बड़े पत्थर, कीचड़ और पानी सड़क पर भरा है। बरसात में रास्ता दलदल बन गया है। ठेकेदार ने न बैरिकेडिंग की, न चेतावनी बोर्ड, न रेडियम पट्टी, न ही रात में रोशनी की व्यवस्था की है।



जान जोखिम में डालकर निकल रहे लोग
यह कोटमी से देवरी, पेंड्रा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। रोज सैकड़ों बाइक, स्कूल बस, एंबुलेंस और पैदल यात्री इसी से गुजरते हैं। रात में गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देते। ग्रामीणों का कहना है कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। बच्चे स्कूल जाने से डर रहे हैं। बार-बार कहने के बाद भी रेलवे ठेकेदार सुन नहीं रहा।
ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने इस समाचार के माध्यम से जिला प्रशासन GPM और रेलवे DRM बिलासपुर से मांग की है कि तत्काल सुरक्षा बैरिकेड, साइन बोर्ड और वैकल्पिक मार्ग बनाया जाए और लापरवाह ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए।






