सारंगढ़। शहर में बकाया बिजली बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं की अब खैर नहीं। बिजली विभाग सारंगढ़ (शहर) ने स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आगामी 27 अगस्त को बाहर से विशेष टीम बुलाकर वृहद स्तर पर लाइन विच्छेदन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बकाया राशि वाले तमाम कनेक्शन काटे जाएंगे।

विभाग की ओर से जारी सूचना में उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे समय रहते अपनी बकाया राशि जमा कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। बिल भुगतान के लिए दो विकल्प दिए गए हैं पहला, “मोर बिजली” मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान, और दूसरा, बाबाकुटी स्थित कार्यालय में जाकर सीधे नकद भुगतान।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया है, जिसके चलते विभाग को यह सख्त कदम उठाना पड़ रहा है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने अब तक भुगतान नहीं किया है, उन्हें तत्काल राशि जमा करने की सलाह दी गई है।
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील किया है ।






