सारंगढ़। स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। सारंगढ़ एवं बरमकेला की संयुक्त टीम ने ग्राम बनहर में दबिश देकर दो अलग-अलग ठिकानों से 30 लीटर हाथभट्टी महुआ शराब बरामद की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।


मिली जानकारी के अनुसार, आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा के निर्देश, कलेक्टर पदमिनी भोई साहू एवं जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। विभाग को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि बनहर निवासी ताराचंद चौहान और हीराधर चौहान अपने रिहायशी मकानों में अवैध रूप से महुआ शराब का भंडारण कर खुलेआम बिक्री कर रहे हैं।
घेराबंदी कर मकान की ली गई तलाशी
सूचना मिलते ही आबकारी की संयुक्त टीम ने गवाहों को साथ लेकर आरोपियों के घर की घेराबंदी की और विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान ताराचंद चौहान (पिता भगतराम) के कब्जे से 15 लीटर तथा उसके भाई हीराधर चौहान (पिता भगतराम) के कब्जे से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।
गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59 (क) के तहत दो अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। गैर-जमानती मामला होने के कारण दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा, आबकारी उपनिरीक्षक रामेश्वर सिंह राठिया और हमराह स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।





