Damrua

रायगढ़: भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में जोश, नगरीय निकाय चुनाव के लिए रणनीति तैयार

भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को किया रिचार्ज, कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

Damrua News /Raigarh. रायगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, संभाग प्रभारी अनुराग सिंहदेव, जिला अध्यक्ष अरुण धर दीवान और पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सम्मेलन में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार की विफलताओं को उजागर करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

भाजपा में कार्यकर्ता सर्वोपरि: ओपी चौधरी

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है, जहां मेहनती और जमीनी कार्यकर्ताओं को शीर्ष पदों तक पहुंचने का अवसर मिलता है। उन्होंने महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान का उदाहरण देते हुए कहा कि 29 वर्षों से पार्टी के लिए काम करने वाले एक चायवाले को प्रत्याशी बनाना भाजपा की कार्यकर्ता-प्रथम नीति को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “हमने कांग्रेस की लूटखसोट और भ्रष्टाचार से प्रदेश को बचाने के लिए संघर्ष किया। अब कार्यकर्ताओं की मेहनत से नगरीय निकाय चुनाव में भी भाजपा काबिज होगी।”

“एक चाय वाला प्रधानमंत्री, दूसरा रायगढ़ का महापौर”: विजय शर्मा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा आम आदमी को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा, “देश ने एक चाय वाले को प्रधानमंत्री बनाया, अब रायगढ़ का दूसरा चाय वाला महापौर बनेगा।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भाजपा के विजन को जनता तक पहुंचाएं और कांग्रेस के कुशासन की सच्चाई उजागर करें।

“नगर निगम को कांग्रेस मुक्त कराएंगे”: अनुराग सिंहदेव

संभाग प्रभारी अनुराग सिंहदेव ने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि नगर निगम को कांग्रेस मुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद से उबर नहीं पाई है, जबकि भाजपा में कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और निष्ठा का सम्मान होता है।

भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

ओपी चौधरी ने सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने किसानों को ₹13,320 करोड़ की धान खरीदी राशि का भुगतान किया, रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को अयोध्या भेजा और 18 लाख गरीबों के लिए मकान निर्माण की स्वीकृति दी। उन्होंने महतारी वंदन योजना को देश की सबसे बड़ी महिला सशक्तिकरण योजना बताते हुए कहा कि हर महीने 70 लाख माताओं को ₹655 करोड़ की राशि दी जा रही है।

“विकास कार्यों की झड़ी लगेगी”: ओपी चौधरी

वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ में 33 करोड़ की लागत से नालंदा परिसर बनाया जा रहा है, जिसे देश की सर्वश्रेष्ठ लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के हर वार्ड में ₹50 लाख के विकास कार्य किए जाएंगे और भाजपा की सरकार लगातार जनता के लिए नई योजनाएं लाएगी।

“जीवर्धन की जीत से रायगढ़ का सुनहरा भविष्य”

महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान ने कहा कि वे जनता के विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा, “ओपी जी विकास के काम करेंगे और मैं गरीबों की समस्याओं का समाधान करूंगा।”स म्मेलन में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए 22 बिंदुओं का आरोप पत्र जारी किया। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे अपने क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करेंगे।

 

भाजपा के लिए जीत का शगुन बने निर्विरोध प्रत्याशी

सम्मेलन में निर्विरोध चुने गए जिला पंचायत सदस्य सुजाता चौहान, वार्ड 18 की पार्षद पूनम पटेल सोलंकी और वार्ड 45 के पार्षद नारायण पटेल का सम्मान किया गया।

कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए नेता

अजीत जोगी के सांसद प्रतिनिधि रहे पैकराम साहू, जितेश कुमार अग्रवाल और पूर्व कांग्रेस सचिव लक्ष्मी देवी राजपूत ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

“भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश इतिहास रचेगा”

सम्मेलन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों की ऐतिहासिक जीत के बाद कार्यकर्ताओं का जोश चरम पर है। उन्होंने कहा कि अब नगरीय निकाय चुनाव में भी भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी शानदार जीत दर्ज करेगी।

…तो रायगढ़ के विकास को मिलेगी गति 

रायगढ़ के इस कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव में जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान को “जनता का सच्चा सेवक” बताते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि उनकी जीत से रायगढ़ के विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top