Damrua

अवैध रेत खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर हमला, महिला रेंजर से बदसलूकी; जब्त ट्रैक्टर छीनकर फरार हुए खनन माफिया

अवैध रेत खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर हमला, महिला रेंजर से बदसलूकी; जब्त ट्रैक्टर छीनकर फरार हुए खनन माफिया

*गौरेला-पेंड्रा-मरवाही*

मरवाही वनमंडल के गौरेला परिक्षेत्र में अवैध रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। नाले से अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर 15-20 लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने महिला रेंजर ज्योत्स्ना पांडे सहित वन कर्मियों से गाली-गलौज और अभद्रता की और शासकीय अभिरक्षा में ले जाए जा रहे दो जब्त ट्रैक्टरों को बलपूर्वक छुड़ाकर फरार हो गए। वन विभाग ने DFO और पुलिस को प्रतिवेदन भेजकर नामजद FIR की मांग की है।

Screenshot 2026 09 20 19 43 16 05 439a3fec0400f8974d35eed09a31f914

नाले में दबिश के दौरान घेराबंदी कर पकड़े थे दो ट्रैक्टर

वन परिक्षेत्र कार्यालय की रिपोर्ट (क्रमांक 1162) के अनुसार, घटना 18 सितंबर 2026 की सुबह की है। अंधियारखोह परिसर के ओरेंज एरिया हर्री (खसरा नं. 109, 106) स्थित नाले में अवैध रेत खनन की सूचना पर रेंजर ज्योत्स्ना पांडे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में लालपुर परिक्षेत्र सहायक, अंधियारखोह, गिरवर, चुकतीपानी, धनोली के परिसर रक्षक और वन प्रबंधन समिति के सदस्य शामिल थे। टीम शासकीय वाहन CG 02 AU 2116 और बाइकों से मौके पर पहुंची।

वन अमले को देखकर मौके पर खड़े दो ट्रैक्टर भागने लगे, जिन्हें 100 मीटर दूर बैगानटोला, हर्री में पूरन पनिका के घर के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। एक सोल्ड स्वराज और दूसरा सोनालिका ट्रैक्टर CG 10 AX 7108 था। पूछताछ में सोनालिका चालक केशव प्रसाद पनिका निवासी गंगापुर ने नाले से रेत खनन की बात स्वीकार की। ट्रैक्टर में 26 नग बांस करील भी अवैध रूप से लदी मिली थी, जिसकी फोटो नोटकैम से लेकर पंचनामा तैयार किया गया।

हर्री स्टेशन के पास टीम को घेरकर छीने ट्रैक्टर

इसी दौरान स्वराज ट्रैक्टर का चालक गणेश राठौर मौके से फरार हो गया और कुछ देर बाद अजय राठौर व अन्य साथियों के साथ लौटकर जबरन ट्रॉली में चढ़कर सबूत मिटाने के लिए तगाड़ी, बेलचा, फावड़ा और बांस करील नीचे फेंकने लगा।

रेंजर के निर्देश पर दोनों ट्रैक्टरों को मढ़ना डिपो लाया जा रहा था। ट्रैक्टरों पर वन रक्षक सवार थे। हर्री स्टेशन के पास बैजन राठौर, जय राठौर, रामू राठौर, संजू राठौर, गणेश राठौर सहित 15-20 ग्रामीणों ने रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने कर्मचारियों को ट्रैक्टर से नीचे खींचकर जान से मारने की धमकी दी और महिला रेंजर से झूमा-झटकी व बदसलूकी करते हुए दोनों ट्रैक्टर छीनकर फरार हो गए।

IMG 20260920 WA0015

इतना ही नहीं, लौटते समय लालपुर अंडरब्रिज पर ट्रैक्टर मालिक अर्जुन राठौर और उसके साथियों ने शासकीय वाहन को रोककर दोबारा हुड़दंग और गाली-गलौज की।

पहले भी कर चुके हैं ऐसी हरकत

वन विभाग ने तत्काल गौरेला थाने को सूचना देकर पुलिस बल के साथ दोबारा दबिश दी, लेकिन आरोपियों ने दोनों ट्रैक्टर छिपा दिए। अधिकारियों ने बताया कि उक्त ट्रैक्टरों से पहले भी अवैध उत्खनन किया जाता रहा है और कार्रवाई के दौरान अमले से विवाद की घटनाएं हो चुकी हैं।

वन परिक्षेत्र अधिकारी ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट, पंचनामा और फोटो साक्ष्यों के साथ DFO मरवाही और SDO को भेजी है। रिपोर्ट में शासकीय कार्य में बाधा, महिला लोकसेवक से अभद्रता, वनोपज और खनिज चोरी की धाराओं में नामजद आरोपियों पर कड़ी FIR दर्ज करने की मांग की गई है।

Facebook
WhatsApp
Twitter
Telegram
[metaslider id="1064"]