Damrua

पदयात्रा को सफल बनाने ब्लॉक अध्यक्ष का शिक्षकों से आवाहन

 

सेवा सुरक्षा न्याय पदयात्रा 22 अगस्त से 9 सितंबर तक, TET अनिवार्यता समाप्त करने की मांग

पुसौर। सहायक शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन 22 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक “सेवा सुरक्षा न्याय पदयात्रा” का आयोजन करने जा रहा है। इसमें सेवा सुरक्षा, वेतन विसंगति दूर करने और TET की अनिवार्यता समाप्त करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।

 

फेडरेशन के पुसौर ब्लॉक अध्यक्ष भुवनेश्वर सिदार ने विकासखंड पुसौर के समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों से एकजुट होकर कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक शिक्षक की नहीं, बल्कि प्रदेश भर के हजारों शिक्षकों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षित भविष्य से जुड़ी हुई है।

 

22 अगस्त को ब्लॉक मुख्यालय में पदयात्रा और ज्ञापन

 

अध्यक्ष सिदार ने बताया कि 22 अगस्त को ब्लॉक मुख्यालय में पदयात्रा एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके अलावा आगामी जिला स्तरीय कार्यक्रमों और संगठन द्वारा तय अन्य गतिविधियों में भी शिक्षकों की अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति की अपील की गई है, ताकि आंदोलन को मजबूती मिल सके।

 

उन्होंने नारा दिया — “एकजुट शिक्षक, मजबूत संघर्ष, सेवा सुरक्षा हमारा अधिकार!”

 

न्यायोचित मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

 

अध्यक्ष भुवनेश्वर सिदार ने स्पष्ट किया कि जब तक शिक्षकों की न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक संघर्ष शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संगठित तरीके से जारी रहेगा। उन्होंने समस्त शिक्षक साथियों से अपने अधिकार और सम्मान के लिए एकजुट होकर “सेवा सुरक्षा न्याय पदयात्रा” को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की अपील की है।

Facebook
WhatsApp
Twitter
Telegram
[metaslider id="1064"]