संगठन सृजन अभियान: राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों को दिया ‘सबको साथ लेकर चलने’ का मंत्र, जीपीएम जिलाध्यक्ष गजमती भानू ने की आत्मीय मुलाकात
संगठन सृजन अभियान के तहत नवनियुक्त जिलाध्यक्षों के लिए आयोजित 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का प्रथम दिन ऊर्जा और उत्साह से परिपूर्ण रहा। शिविर में देश के जननायक श्री राहुल गांधी जी का आगमन हुआ, जिससे उपस्थित सभी पदाधिकारियों में संगठन को मजबूत करने की एक नई प्रेरणा जगी।

इस महत्वपूर्ण शिविर में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले का प्रतिनिधित्व कर रहीं नवनियुक्त जिलाध्यक्ष श्रीमती गजमती भानू ने भी हिस्सा लिया।
कार्यकर्ताओं के बीच रहकर दिया सीधा मार्गदर्शन
प्रशिक्षण शिविर के दौरान राहुल गांधी का अंदाज बिल्कुल अलग और बेहद आत्मीय रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच उपस्थित रहकर उनसे सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने संगठन की मजबूती और देश की जनता के बीच एक जनसेवक की वास्तविक भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि हमें किस तरह से अपने कर्तव्य एवं दायित्वों को अपने जीवन और कार्यशैली में शामिल करना है।
अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का साथ देने का आह्वान
श्री गांधी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि एक सच्चे नेता और कार्यकर्ता का असली धर्म समाज की “अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के सुख-दुख में साथ निभाना” है।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर, बिना किसी भेदभाव के सबको साथ लेकर चलने की सीख दी।
मुलाकात से मिली नई ऊर्जा: गजमती भानू
शिविर के दौरान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की जिलाध्यक्ष गजमती भानू को राहुल गांधी से आत्मीय मुलाकात का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस यादगार पल के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि राहुल जी से मिलकर एक नया उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ है। संगठन को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली है।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “उनके मार्गदर्शन और विचार हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। मेरे नेता, मेरा अभिमान।”
जिलाध्यक्ष गजमती भानू और राहुल गांधी के बीच हुई इस आत्मीय भेंट और सकारात्मक ऊर्जा की झलक साफ देखी जा सकती है।



























