सेवा निवृत्त 12 शासकीय सेवकों का कलेक्टर ने किया सम्मान
जिस दिन सेवानिवृत्त हुए उसी दिन पीपीओ एवं जीपीओ प्रदान करने जिले में कलेक्टर का नवाचार पहल
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 31 जुलाई 2026/ अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले 12 शासकीय सेवकों का आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित गरिमामय समारोह में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सम्मान किया। कलेक्टर ने जिले में नवाचार का पहल करते हुए सेवानिवृत्त के दिन ही सेवा निवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) एवं ग्रेच्युटी भुगतान आदेश (जीपीओ) प्रदान करने की शुरुआत किया है। यह परंपरा लगातार जारी रहेगा। कलेक्टर ने 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुए सभी 12 लोगों को पीपीओ एवं जीपीओ प्रदान किया और उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर ने कहा कि शासकीय सेवा केवल दायित्वों के निर्वहन तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह समाज और शासन के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सेवा निवृत्ति जीवन की नई शुरुआत है, जिसमें वर्षों के अनुभव, ज्ञान और कार्यकुशलता का उपयोग समाज, परिवार तथा नई पीढ़ी के मार्गदर्शन में किया जा सकता है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के दीर्घायु, स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की कामना करते हुए समय का सदुपयोग सामाजिक सरोकारों एवं जनहित के कार्यों में करने का आह्वान किया।
समारोह में सेवा निवृत्त सभी शासकीय सेवकों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर तथा शाल एवं श्रीफल भेंटकर आत्मीय सम्मान किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनके दीर्घकालीन योगदान की सराहना करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।
सम्मानित होने वाले सेवा निवृत्त शासकीय सेवकों में चंद्रशेखर सिसोदिया व्याख्याता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भर्रीडाड, स्कोलोस्टिका डेनियल प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निमधा, पुरुषोत्तम दास वैष्णव प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उसाड़, सुनील कुमार सोनी व्याख्याता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धनौली, मनोरमा दुबे प्रधान पाठक, प्रेम सिंह पैकरा प्रधान पाठक, सावित्री चौहान शिक्षक, उदय सिंह पोरते प्रधान पाठक, इंद्रपाल सिंह चंद्रा प्रधान पाठक, नारायण प्रसाद देवांगन, लेखापाल, राम कुमार कुलमित्र शिक्षक तथा राजेश्वरी कौशिक सहायक ग्रेड-दो शामिल हैं। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर दिलेराम लाहिरे, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, जिला कोषालय अधिकारी धनेन्द्र सोनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







