सारंगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा कमलानगर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके पश्चात सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर राष्ट्र, प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की गई।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला उपाध्यक्ष स्वप्निल स्वर्णकार, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष मुरारी नायक, मंडल महामंत्री सतीश शर्मा एवं महेश बारीक सहित कई वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए युवाओं से समाजसेवा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम भाजयुमो जिला अध्यक्ष हितेश अजगल्ले की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। आयोजन में जिला महामंत्री सौरभ सिंह, जिला उपाध्यक्ष खिलेश साहू, जिला मंत्री आकाश नायक, मंडल अध्यक्ष गजराज यादव, ओमप्रकाश जायसवाल, संजय पटेल, प्रीतम बरेठ, शिवांशु गुरु सहित युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजयुमो पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन द्वारा समय-समय पर सेवा, स्वच्छता और संस्कार आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने के साथ युवाओं को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया जा सके।
सेवा, स्वच्छता और संस्कार के संदेश के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता देखने को मिली।






























