Damrua

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लाख की ठगी, पुलिस कार्रवाई के नाम पर टाल मटोल

कैंसर पीड़ित शिकायतकर्ता की गुहार, महीनों बाद भी न पैसा मिला, न आरोपी पर कार्रवाई

डमरूआ न्यूज़ /रायगढ़. रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित व्यक्ति स्वयं कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है और अपनी जीवनभर की गाढ़ी कमाई नौकरी मिलने की उम्मीद में ठग को सौंप बैठा, लेकिन अब उसे न नौकरी मिली और न ही उसकी मेहनत की कमाई वापस हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तमनार थाना क्षेत्र निवासी सिद्धार्थ कुमार स्वाई ने शिकायत में बताया है कि बहिरकेला निवासी मनीष सिंह ठाकुर उर्फ सोनू ने वर्ष 2025 में उसे सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इस भरोसे में आकर पीड़ित ने आरोपी को 4 लाख रुपये दे दिए, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी लगवाई गई और न ही रकम वापस की गई।
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी द्वारा लगातार टालमटोल किया जा रहा है और अब संपर्क से भी बचने की कोशिश की जा रही है। इस पूरे मामले की लिखित शिकायत थाना तमनार में दी जा चुकी है, लेकिन अब तक पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे पीड़ित गहरी मानसिक और आर्थिक परेशानी में है।

IMG 20260401 WA0008
आरोपी

कैंसर से पीड़ित होने के कारण पहले ही इलाज का भारी खर्च झेल रहे शिकायतकर्ता के लिए यह ठगी और भी बड़ी मार साबित हो रही है। उसने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के मामलों में पुलिस की निष्क्रियता से ठगों के हौसले बढ़ते हैं और आम नागरिकों का भरोसा कानून व्यवस्था से उठने लगता है। अब देखना होगा कि इस गंभीर मामले में पुलिस कब तक कार्रवाई करती है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।

Facebook
WhatsApp
Twitter
Telegram