4 नवम्बर से जांजगीर-चाम्पा मे SIR शुरू,
BLO का समय जरूरी, छोटी चूक बन सकता विवाद का कारण |
धान कटाई और औद्योगिक व्यस्तता के बीच चुनौतीपूर्ण बना SIR
अभियान,प्रशासन से विवाद रोकने की अपील
खबरों का तांडव ब्यूरो | जांजगीर-चांपा
कृषि और उद्योग—दोनों में अग्रणी जांजगीर-चांपा जिला इस समय दोहरी व्यस्तता से गुजर रहा है।
एक ओर खेतों में धान कटाई का मौसम है, तो दूसरी ओर औद्योगिक इकाइयों में लगातार कार्य चल रहा है।
चाम्पा, जिसे “कोसा, कांसा और कंचन की नगरी” कहा जाता है, अब तेजी से एक औद्योगिक हब में तब्दील हो रहा है — जहाँ पुरुष ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में महिलाएँ भी कामकाजी हैं।
ऐसे में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR 2025-26) का कार्य इस बार BLO के लिए किसी परीक्षा से कम नहीं।
BLO करेंगे तीन बार घर-घर दस्तक
प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी के अनुसार, प्रत्येक बूथ स्तर अधिकारी घर-घर जाकर मतदाता सूची अद्यतन के लिए तीन बार तक मतदाता से संपर्क का प्रयास करेंगे।
लेकिन यदि तीनों बार मुलाकात नहीं हो पाती है, तो संबंधित मतदाता का नाम सूची से हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।
बाद में नाम जोड़ने के लिए व्यक्ति को दावा-आपत्ति की लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा।
धान कटाई और औद्योगिक कार्य – दोहरी चुनौती
जिले की ग्रामीण आबादी इस समय खेतों में धान कटाई में जुटी है, जबकि शहरी व औद्योगिक क्षेत्र के महिला-पुरुष कर्मचारी कारखानों और दफ्तरों में व्यस्त हैं।
ऐसे में BLO के दौरे और मतदाताओं की उपलब्धता का समय अक्सर मेल नहीं खा पाता।
यदि यह स्थिति बनी रही, तो कई पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटने का खतरा बढ़ सकता है — जिससे SIR प्रक्रिया विवादों का केंद्र बन सकती है।
मीडिया ने उठाई चिंता, कलेक्टर से अपील
प्रेस वार्ता में खबरों का तांडव मीडिया टीम ने इस विषय पर कलेक्टर महोदय का ध्यान आकर्षित किया।
हमारी टीम ने यह तथ्य रखा कि जांजगीर-चांपा का अधिकांश कार्यशील वर्ग — किसान और औद्योगिक कर्मचारी — दोनों ही BLO के कार्य समय से भिन्न समय-सारणी में सक्रिय रहते हैं।
ऐसे में यदि BLO भ्रमण समय को पुनर्समायोजित नहीं किया गया, तो छोटी सी चूक बड़ा विवाद बन सकती है।
प्रमुख तिथियाँ (SIR – 2025-26)
28 अक्टूबर – 3 नवंबर 2025: प्रशिक्षण और तैयारी चरण
4 नवंबर – 4 दिसंबर 2025: BLO द्वारा घर-घर सर्वे
9 दिसंबर 2025: प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन
9 दिसंबर 2025 – 8 जनवरी 2026: दावा और आपत्ति अवधि
7 फरवरी 2026: अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन
दिव्यांग व वरिष्ठ मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था
निर्वाचन विभाग ने बताया कि दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं के लिए हर बूथ पर सुविधा केंद्र, व्हीलचेयर और सहायता कर्मी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि मतदान सुगम और सम्मानजनक हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी का संदेश
“हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना लोकतंत्र की मजबूती है। कृपया BLO से सहयोग करें और यदि कोई त्रुटि मिले तो तुरंत सूचना दें या www.nvsp.in पर ऑनलाइन संशोधन करें।”


























