Damrua

क्या सत्ता में आकर ही सेवा करेंगे प्रदीप नामदेव? विपक्ष में 10 साल तक क्यों रहे निष्क्रिय?

क्या सत्ता में आकर ही सेवा करेंगे प्रदीप नामदेव? विपक्ष में 10 साल तक क्यों रहे निष्क्रिय ‍‏

चाम्पा। नगर पालिका चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चाम्पा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए प्रदीप नामदेव को अपना प्रत्याशी बनाया है। उनकी साफ-सुथरी छवि के बावजूद एक बड़ा सवाल उठ रहा है—क्या सेवा कार्य करने के लिए सत्ता की मलाई ही जरूरी है?

बीते 10 वर्षों में नगर पालिका में भाजपा विपक्ष में रही, लेकिन उनकी भूमिका लगभग नगण्य रही। जनसमस्याओं को उठाने और सत्ता पक्ष की नीतियों पर सवाल खड़े करने की जिम्मेदारी विपक्ष की होती है, लेकिन इस दौरान लोकतंत्र के चौथे स्तंभ—मीडिया ने ही अधिकतर मुद्दों को उजागर किया। भाजपा की ओर से न तो कोई बड़ा आंदोलन दिखा और न ही सत्ताधारी दल की जवाबदेही तय करने की कोई ठोस पहल।

प्रदीप नामदेव की निष्क्रियता पर सवाल

प्रदीप नामदेव पूर्व में नगर पालिका अध्यक्ष रह चुके हैं, लेकिन विपक्ष में रहते हुए उनका कोई बड़ा जनआंदोलन सामने नहीं आया। जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने के बजाय भाजपा विपक्ष में तटस्थ बनी रही। अब जब चुनाव सिर पर है, तो पार्टी ने उन्हें अपना चेहरा बना दिया है। इससे सवाल उठता है कि क्या भाजपा अपनी 10 साल की निष्क्रियता को छिपाने के लिए प्रदीप नामदेव को आगे कर रही है?

क्या ‘रबर स्टैंप’ बनकर रह जाएंगे नामदेव?

चुनाव जीतने के बाद भी क्या प्रदीप नामदेव स्वतंत्र निर्णय ले पाएंगे, या फिर लोकसभा चुनावों की तरह यह महज “खड़ाऊं राजनीति” का उदाहरण बनेगा? जनता के मन में यह आशंका है कि वे कहीं नगर पालिका के “रबर स्टैंप” अध्यक्ष बनकर न रह जाएं।

विपक्ष में रहकर भी किया जा सकता था संघर्ष

लोकतंत्र में सत्ता और विपक्ष दोनों की अपनी अहम भूमिका होती है। यदि विपक्ष निष्क्रिय रहता है, तो इसका सीधा नुकसान जनता को उठाना पड़ता है। भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए नगर की जनता के मुद्दों को गंभीरता से नहीं उठाया, जिससे आमजन खुद को ठगा महसूस कर रहा है।

अब यह जनता पर निर्भर करेगा कि वह सत्ता में आने के बाद सेवा कार्य करने वाले नेताओं को प्राथमिकता देती है या फिर विपक्ष में रहकर भी संघर्ष करने वालों को। नगर पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप नामदेव को जनता इन्हीं सवालों के साथ परखेगी।

Facebook
WhatsApp
Twitter
Telegram