
जशपुर – 17 नवम्बर 2023 को होनेवाले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जिले की तीनों सीट पर अपने पत्ते खोल दिये हैं।जिसमें जशपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत,कुनकुरी में पूर्व केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री विष्णुदेव साय और पत्थलगांव में लोकसभा सांसद श्रीमती गोमती साय पर दांव लगाया है।
9 अक्टूबर को चुनाव के तारीखों का एलान होने के तुरंत बाद बीजेपी नेतृत्व ने अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी।जैसे ही कुनकुरी सीट से विष्णुदेव साय के नाम की घोषणा हुई उन्होंने दुलदुला से ही जनसम्पर्क करना शुरू कर दिया जो देर रात तक कुनकुरी शहर में खत्म हुआ।
देखा जाय तो बीजेपी सत्ता वापसी के अपने अभियान में जशपुर की तीनों सीट पर कमल खिलाने के लिए बहुत सोच समझकर कदम बढ़ा रही है।जशपुर में प्रबल हिंदुत्व का झंडा लेकर चलने वाली महिला नेत्री रायमुनी भगत भाजपा संगठन में और जनप्रतिनिधि के रूप में जनता के बीच काम करने का लंबा अनुभव है।वहीं कुनकुरी में दो बार के विधायक,4 बार के सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री रह चुके पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय अपने लंबे कार्यकाल में किये गए विकासकार्यों के दम पर चुनाव जीतने का दावा कर रहे हैं।वहीं पत्थलगांव में लोकसभा सांसद गोमती साय अपनी तेजतर्रार छवि के साथ आम खेतिहर महिला के रूप में जनता के बीच है।
उधर चुनावी बिसात में आप पार्टी ने सबसे पहले अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं।जिसमें पत्थलगांव और कुनकुरी के प्रत्याशी जनसम्पर्क में जुट गए हैं।रही बात कांग्रेस की तो उसके सम्भावित प्रत्याशी वहीं हैं जो सिटिंग एमएलए के रूप में आदर्श आचार संहिता लगने तक लोगों के बीच लोकार्पण और भूमिपूजन करते रहे।जशपुर में विधायक विनय भगत,कुनकुरी में यूडी मिंज और पत्थलगांव में रामपुकार सिंह की टिकट लगभग तय मानी जा रही है।जिसमें जशपुर की टिकट पर माथापच्ची चलने की खबर तैर रही है।
इस तरह जशपुर जिले में राजनैतिक दल और प्रशासन चुनावी मोड में आ चुके हैं।राजनैतिक पंडितों की मानें तो 2023 का चुनाव बेहद दिलचस्प होने जा रहा है।