मेरे हिस्से की जमीन मेरे नाम कर दो कहकर डंडे से किया वार, गणेश पंडाल से भजन पुस्तक लेने घर जा रहे च्यवन लाल की मौत
सारंगढ़. (20 सितंबर) थाना सारंगढ़ क्षेत्र के ग्राम धौराभाटा में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में चचेरे भाई ने डंडे से सिर पर वार कर च्यवन लाल चौहान की हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर आरोपी सुबेलाल चौहान (41) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। 19 सितंबर को उसकी विधिवत गिरफ्तारी हुई और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

गणेश पंडाल से घर लौटते समय हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक 18 सितंबर को च्यवन लाल गणेश पंडाल से भजन पुस्तक लेने के लिए अपने घर जा रहे थे। घर के सामने आरोपी सुबेलाल बैठा था। उसने च्यवन से कहा कि उसके हिस्से की जमीन उसके नाम कर दी जाए। च्यवन ने जवाब दिया कि तेरी कोई जमीन नहीं है, सब मेरी है। इस पर आरोपी गुस्से में आ गया और डंडे से उनके सिर पर वार कर भाग निकला।
शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और गंभीर रूप से घायल च्यवन को जिला अस्पताल सारंगढ़ ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटे की रिपोर्ट पर केस दर्ज
मृतक के बेटे अंचल चौहान ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके पिता को चचेरे भाई सुबेलाल ने डंडे से मारकर गंभीर चोट पहुंचाई है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 466/2026 में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
एफएसएल टीम ने खंगाला घटनास्थल
थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम भी कराया गया। एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान और थाना प्रभारी ने घटनास्थल के आसपास के गवाहों से पूछताछ की, जिससे पूरा घटनाक्रम सामने आया।
मेमोरेंडम में कबूला जुर्म
हिरासत में लिए जाने पर सुबेलाल ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। मेमोरेंडम कथन में उसने बताया कि उसका चचेरा भाई च्यवन उसके हिस्से की जमीन भी अपने नाम पर रखे हुए था और उसके नाम नहीं कर रहा था। इसी बात से गुस्से में आकर उसने डंडे से वार कर हत्या कर दी।
डंडा और कपड़े बरामद
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा और घटना के समय पहने कपड़े बरामद कर विधिवत जब्त कर लिए।
अफसरों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने गंभीर अपराधों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल के निर्देशन और एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन में थाना सारंगढ़ पुलिस ने यह कार्रवाई की।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान, एफएसएल अधिकारी संजय प्रसाद, थाना प्रभारी प्रमोद यादव, एएसआई प्रकाश रजक, प्रधान आरक्षक अर्जुन पटेल, सोनसाय यादव, महेंद्र मार्को, आरक्षक विमल जांगड़े, भारत भूषण, नंदू भारद्वाज, योगेश और थाने का पूरा स्टाफ शामिल रहा।






