सारंगढ़ damrua।।नौघटा क्षेत्र में डोलोमाइट पत्थर के अवैध खनन को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सारंगढ़ SDM वर्षा बंसल ने टीम के साथ संचालित खदान में दबिश दी, जहां से कई मशीनें जब्त की गईं।
कार्रवाई के दौरान तीन पोकलेन मशीन, दो अन्य पोकलेन और एक जेसीबी को जप्त कर पंचनामा तैयार किया गया। जांच पूरी होने तक सभी मशीनों को पंचायत के सुपुर्द किया गया है।
नौघटा सरपंच के अनुसार, जब्त मशीनों में से एक पोकलेन पंचायत सचिव शौकी लाल मिरी का भी है। सरपंच का कहना है कि सचिव ने केवल अपनी मशीन चलाने के लिए दी थी और वह खुद खनन में शामिल नहीं है।
हालांकि, स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी अलग संकेत दे रही है। बताया जा रहा है कि शौकी लाल मिरी, जो कटंगपाली का निवासी है और वर्तमान में ग्राम पंचायत गिरहूलपाली में पदस्थ है, उसकी पत्नी उर्मिला के नाम की जमीन से डोलोमाइट पत्थर निकाला जा रहा है। यह पत्थर हर्ष मिनरल सहित अन्य क्रेशरों में खपाया जा रहा है।
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि सीमित वेतन पाने वाला एक पंचायत सचिव लाखों की पोकलेन मशीन कैसे खरीद सकता है। इसे लेकर क्षेत्र में आय से अधिक संपत्ति की जांच की मांग उठने लगी है।
प्रशासन की ओर से फिलहाल जांच जारी है। आने वाले समय में यह स्पष्ट होगा कि यह मामला केवल मशीन देने तक सीमित है या अवैध खनन से जुड़ा बड़ा नेटवर्क सामने आता है।